बीजापुर में मुठभेड़, 4 माओवादी मारे गए
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में जवानों ने 4 माओवादियों को मारने का दावा किया है.
अभी भी मुठभेड़ जारी है और दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है. मौके से हथियार समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगालूर इलाके के दक्षिण-पश्चिमी जंगल में काफी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी है.
इसी सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. शनिवार शाम को सुरक्षा बलों ने माओवादियों पर हमला बोल दिया.
सुरक्षा बलों का दावा है कि अभी तक 4 माओवादियों को मार गिराया है.
उनके शवों के साथ INSAS-SLR राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. ऑपरेशन अब भी जारी है.
फिलहाल मुठभेड़ की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है.