रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: स्टंटबाज ने पुलिस वाहन में हथकड़ी पहन बनाया 'रील्स'

C

CG Khabar

22 जून 2026, 02:19 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गिरफ्तार
गिरफ्तार

भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से पुलिस को असमंजस में डाल देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 20 वर्षीय युवक युवराज सोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


दरअसल, आरोपी को बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहन पर जानलेवा स्टंट करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद जब उसे पुलिस वाहन से कोर्ट ले जाया जा रहा था, तभी गाड़ी के भीतर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तैरने लगा. 

विज्ञापन


वीडियो में आरोपी युवक हथकड़ी लगे हाथों से मुस्कुराते हुए 'विक्ट्री साइन' (जीत का निशान) दिखाता नजर आ रहा है.


हैरानी की बात यह है कि इस वीडियो को सोशल मीडिया पर एक विवादित टैगलाइन के साथ पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा था- ‘आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल’. 


वीडियो के सामने आने के बाद से ही सुपेला पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है, क्योंकि यह वीडियो सीधे तौर पर पुलिस अभिरक्षा के दौरान गाड़ी के अंदर ही शूट किया गया प्रतीत हो रहा है.


सुपेला पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, युवक को सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और कानून का उल्लंघन करने के आरोप में पकड़ा गया था, जिसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया. 


हालांकि, पुलिस वाहन के भीतर मोबाइल फोन पहुंचने और यह वीडियो रिकॉर्ड होने के मामले पर फिलहाल पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं और मामले में चुप्पी साधी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP