दुर्ग: जन औषधि केन्द्र व धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स को खुला रखने का आदेश
दुर्ग । संवाददाता: ऑल इंडिया और छत्तीसगढ़ ऑर्गनाईजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है. इस देशव्यापी बंद के मद्देनजर जिले की सभी निजी दवा दुकानें बंद रहेंगी.
हालांकि, संगठन के सचिव अविनाश अग्रवाल और दुर्ग जिला दवा विक्रेता संघ के सचिव दीपक बंसल ने स्पष्ट किया है कि यह महाबंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा, और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा.
इस संवेदनशील स्थिति को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम जनता की सुविधा के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. कलेक्टर ने जिले के सभी 'प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों' और 'श्री धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स' को 20 मई को अनिवार्य रूप से खुला रखने का आदेश दिया है, ताकि नागरिकों को जरूरी दवाइयों के लिए परेशान न होना पड़े.
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की आकस्मिक या आपातकालीन स्थिति निर्मित होने पर नागरिक तुरंत अपने नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) से संपर्क कर सकते हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाएं और दवाइयां सुचारू रूप से उपलब्ध रहेंगी. File Photo