शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग ऑनलाइन सट्टा रैकेट: 4 और आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

02 अप्रै. 2026, 01:25 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सट्टेबाज गिरफ्तार
सट्टेबाज गिरफ्तार

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने जामुल थाना क्षेत्र में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गैंग मामले में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिसके बाद इस रैकेट में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या अब 11 हो गई है. ताजा कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और 65,000 रुपये नकद बरामद किए हैं. 


गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी परमेश गेडाम, मोहम्मद असलम, सत्यपाल पासवान और रायपुर के शिव वैष्णव उर्फ समीर के रूप में हुई है.


पुलिस के अनुसार, ये आरोपी मुख्य रूप से सट्टा आईडी उपलब्ध कराने, वित्तीय लेनदेन का हिसाब रखने और गिरोह को तकनीकी सहायता देने का काम करते थे. 


इससे पहले जामुल पुलिस ने सुंदर विहार कॉलोनी फेज-2 में छापेमारी कर सात मुख्य ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया था. 


पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद इन चार अन्य सदस्यों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद भिलाई और रायपुर के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर इन्हें दबोचा गया.


जांच में पता चला है कि यह गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बेहद सावधानी से अपना नेटवर्क चला रहा था और भोले-भले लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर सट्टे के दलदल में धकेल रहा था. 


पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के मास्टरमाइंड और फंड के मुख्य स्रोत तक पहुँचने के लिए जांच जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP