दुर्ग: 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोप में मकान मालिक गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक मकान मालिक ने अपने ही घर में किरायेदार के रूप में रह रही छह साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सीय जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई.
स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पीड़िता के माता-पिता ने खुर्सीपार थाने में आरोपी मकान मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
परिजनों का आरोप है कि आरोपी काफी समय से बच्ची पर गलत नीयत रख रहा था और पूर्व में भी उससे छेड़छाड़ का प्रयास कर चुका था.
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग शहर के एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. पुलिस बच्ची के मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.