शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: लूट की नीयत से चाकू गोदकर कांग्रेस नेता की हत्या

C

CG Khabar

04 अग. 2026, 03:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

प्रकाश सिंह कश्यप
प्रकाश सिंह कश्यप

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में देर रात जेवरा सिरसा पुलिस चौकी अंतर्गत करहीडीह और चिखली चौक के पास बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने तुमाकला गांव के पंच व स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी प्रकाश सिंह कश्यप (45) पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए नेता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. 


आरोपी वारदात के बाद पीड़ित से करीब 4 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए.


घटना उस वक्त हुई जब प्रकाश सिंह कश्यप भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार से मिलकर देर रात करीब 2 बजे दो साथियों के साथ बाइक से वापस घर लौट रहे थे. रास्ते में चारों बदमाशों ने डंडा अड़ाकर उन्हें रोका और लूटपाट का प्रयास किया. 


प्रकाश सिंह कश्यप द्वारा विरोध जताए जाने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. साथ मौजूद साथियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है. मृतक प्रकाश कश्यप कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष होने के साथ-साथ गांव के पंच भी थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप तुमाकला की वर्तमान सरपंच हैं.


हत्या की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल और मॉर्चुरी हाउस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई के लिए एसपी को ज्ञापन सौंपा.


फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा के अनुसार, मामला लूट के दौरान हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है. 


पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं. पुलिस का दावा है कि संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP