छत्तीसगढ़ के सक्ती में डबल मर्डर से सनसनी
सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मालखरौदा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम खूंटे और 55 वर्षीय गोहारिन बाई के रूप में हुई है.
प्राथमिक जांच के मुताबिक, दोनों के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा गया है. घटना के समय घर पर सिर्फ बुजुर्ग दंपती ही थे, क्योंकि परिवार के बाकी सदस्य बाहर रहते हैं.
इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा बुधवार की सुबह उस वक्त हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला किसी काम के सिलसिले में उनके घर गई थी. घर के भीतर का खौफनाक मंजर देखकर उसने तुरंत इसकी जानकारी गांव वालों को दी, जिसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंच गए.
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा ने घटनास्थल का जायजा लिया. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया है, जिन्होंने बारीकी से सबूत इकट्ठा किए हैं.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा प्रक्रिया पूरी की और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल कत्ल की वजहों का साफ पता नहीं चल पाया है. एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, यह साफ तौर पर हत्या का मामला है और पुलिस हर मुमकिन पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है. इलाके के संदिग्धों और आसपास की हालिया गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.