छत्तीसगढ़ में कुत्तों ने 15 हिरणों को मार डाला
अंबिकापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले ने बड़ी लापरवाही उजागर कर दी. कुत्तों के झुंड ने हिरणों के बाड़े में घुसकर हमला किया, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई. घटना शुक्रवार-शनिवार की रात की बताई जा रही है, जब जंगल की ओर से आए कुत्ते सीधे पार्क परिसर में घुस गए.
हमले में 14 हिरणों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया. मृत हिरणों में चीतल, सांभर और कोटरियां शामिल हैं. सुबह जब कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया. वन विभाग ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम प्रक्रिया पूरी की.
सरगुजा डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुत्ते बाड़े में घुस आए थे और काटने से हिरणों की मौत हुई. उन्होंने बताया कि घटना के समय पार्क में कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था, जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है और 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है. पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही जा रही है.
गौरतलब है कि पार्क में पहले 31 हिरण थे, जिनमें से अब 16 ही बचे हैं. इस घटना के बाद वन विभाग की तैयारियों और लापरवाही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.