धमतरी: चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी पर युवक से मारपीट का आरोप
धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है. अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजगहन-पोटियाडीह बाईपास के पास अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक पर लौट रहे एक युवक ने थाना प्रभारी पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है.
युवक का कहना है कि जब उसने पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू ने उसके साथ मारपीट की. यह घटना 4 और 5 मई की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है.
युवक के मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ देर रात का सिनेमा शो देखकर आमदी स्थित अपने घर लौट रहा था. तभी पुलिस ने उसे रोका और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके विरोध में उसने वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी.
दूसरी ओर, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए एक अलग पक्ष पेश किया है. धमतरी सिटी एसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि देर रात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया था, जिसकी सामने की नंबर प्लेट टूटी हुई थी.
पूछताछ के दौरान बाइक चालक ने सहयोग नहीं किया, आक्रामक हो गया और पुलिस को उकसाने के लिए वीडियो बनाने लगा.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक से जब वाहन के दस्तावेज और आधार कार्ड मांगा गया, तो वह उन्हें पेश नहीं कर सका. इसके अलावा, वाहन का रजिस्ट्रेशन दुर्ग जिले का पाया गया और पहचान पत्र व गाड़ी के कागजात में नाम अलग-अलग होने की विसंगति सामने आई.
स्थानीय पार्षद पारसमणि साहू से सत्यापन करने पर पता चला कि युवक मूल रूप से बाहरी है और आमदी में किराए के मकान में रहता है, जिसकी सूचना थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी.
फिलहाल, पुलिस ने युवक को अगले दिन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं और मकान मालिक को भी नोटिस जारी करने की बात कही है. इस पूरे मामले की जांच की जा रही है.