शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

धमतरी: बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद

C

CG Khabar

11 अग. 2026, 12:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

Police van
Police van

धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोनबाती यादव के अंतिम संस्कार को लेकर बीते रविवार को तनाव की स्थिति बन गई. स्वाभाविक कारणों से हुई महिला की मृत्यु के बाद, परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान कुछ ग्रामीणों और एक हिंदूवादी संगठन के लोगों ने ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किए जाने का अंदेशा जताते हुए आपत्ति जताई. 


विरोध करने वालों का कहना था कि अंतिम संस्कार हिंदू परंपराओं के अनुसार ही होना चाहिए.


इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला शाम तक खिंच गया, जिससे अंतिम संस्कार में देरी हुई. गांव में माहौल तनावपूर्ण होता देख स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाया गया. 


पुलिस अधिकारियों ने गांव के बुजुर्गों और शोकाकुल परिवार के साथ लंबी बातचीत की. समझाइश के बाद परिवार वाले हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने पर सहमत हो गए, जिसके बाद देर रात शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.


धमतरी की पुलिस अधीक्षक भावना पांडे के अनुसार, मृतका के बेटे और बेटी ने ईसाई धर्म अपना लिया था, जिसके कारण ग्रामीणों में यह गलतफहमी पैदा हो गई कि अंतिम संस्कार भी ईसाई रीति-रिवाज से किया जाएगा. 


एसपी ने स्पष्ट किया कि मृतका हिंदू थीं, इसलिए उनका अंतिम संस्कार हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ही किया गया. पुलिस ने बताया कि बातचीत से मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझ गया है, कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात रखा गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP