शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

धमतरी: बैंड वालो ने दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या की

C

CG Khabar

23 फ़र. 2026, 02:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

चाकू से हत्या
चाकू से हत्या

धमतरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भोथीडीह गांव में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ महज एक गाना बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद में बैंड सदस्यों ने दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो नाबालिगों सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.


धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि गरियाबंद के मालगांव निवासी तेतकुराम निषाद अपनी बेटी की 'चौथिया' रस्म के लिए भोथीडीह आए थे. रात करीब 8 बजे जब नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था, तभी गाने की फरमाइश को लेकर दुल्हन के भाई चंदन निषाद और बैंड पार्टी के बीच विवाद शुरू हो गया. 


बैंड सदस्यों का आरोप था कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जिसके बाद तैश में आकर उन्होंने चाकू निकाल लिए. 


इस हमले में चंदन निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार तरुण ध्रुव और तीन अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने मुख्य आरोपी तोषण चक्रधारी, अभिषेक पटेल, हिनेश उर्फ हिलेश्वर, तामराज कंवर और गुलाबी दीवान के साथ दो किशोरों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP