दिल्ली Zoo में अफ्रीकी हाथी 'शंकर' की अचानक मौत, जांच के आदेश
Delhi Zoo में अफ्रीकी हाथी 'शंकर' की अचानक मौत, जांच के आदेश
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (एनजेडपी), नई दिल्ली ने 29 वर्षीय नर अफ्रीकी हाथी ‘शंकर’ की 17 सितंबर, 2025 की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं. भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली, स्वास्थ्य सलाहकार समिति और मंत्रालय के प्रतिनिधियों की एक विशेषज्ञ टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है.
‘शंकर’ नवंबर 1998 में ज़िम्बाब्वे से दिल्ली चिड़ियाघर आया था और 27 वर्षों तक यहाँ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा. आगंतुकों और चिड़ियाघर कर्मचारियों के बीच उसका सौम्य स्वभाव और राजसी उपस्थिति अत्यंत लोकप्रिय थी.
17 सितंबर की सुबह, ‘शंकर’ ने कम पत्ते और घास खाए और उसे हल्का दस्त होने की शिकायत थी, हालांकि वह फल और सब्जियाँ सामान्य रूप से खा रहा था. चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम ने उसका उपचार शुरू किया और पशुपालन कर्मचारियों ने उसकी कड़ी निगरानी की.
शाम 7:25 बजे ‘शंकर’ अचानक शेड में गिर पड़ा. आपातकालीन उपचार के बावजूद उसकी मृत्यु हो गई. अधिकारियों ने बताया कि 16 सितंबर, 2025 तक ‘शंकर’ में किसी भी बीमारी या असामान्य व्यवहार की कोई सूचना नहीं थी.
राष्ट्रीय प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने ‘शंकर’ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “शंकर शक्ति, बुद्धि और प्रेम का प्रतीक था. उसका निधन चिड़ियाघर की टीम, आगंतुकों और संरक्षण समुदाय के लिए एक बड़ा नुकसान है.” उन्होंने राष्ट्रीय प्राणी उद्यान की वन्यजीव कल्याण और संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया.
पोस्टमार्टम और आवश्यक नमूनों के विश्लेषण के बाद, शव का उचित प्रक्रिया के अनुसार निपटान किया जाएगा. इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण और उनकी देखभाल के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया है.