जब बड़े मेल एक्टर्स ऐसा करते हैं तो चर्चा क्यों नहीं होती?- दीपिका
8 घंटे की शूटिंग: जब बड़े मेल एक्टर्स ऐसा करते हैं तो चर्चा क्यों नहीं होती?- दीपिका
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने इंडस्ट्री में उनके आठ घंटे की शिफ्ट पर होने वाले विवाद पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी है. उनका कहना है कि कई बड़े पुरुष सुपरस्टार सालों से केवल आठ घंटे काम कर रहे हैं, लेकिन इस पर कभी कोई चर्चा नहीं होती और न ही यह सुर्खियां बनती है.
क्या है पूरा मामला?
दीपिका पादुकोण अपनी आगामी फिल्मों के लिए आठ घंटे से अधिक काम न करने के अपने स्टैंड पर कायम हैं. इस वजह से उन्हें कथित तौर पर प्रभास के साथ दो मेगा साउथ प्रोजेक्ट्स- 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल- से हाथ धोना पड़ा है. उनकी इस डिमांड को 'अनप्रोफेशनल' करार दिया गया था, जिसके बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया.
इंडस्ट्री के दोहरे मापदंड पर उठाए सवाल
एक इंटरव्यू में, दीपिका ने इस मामले पर बात करते हुए भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में लिंग-भेद और दोहरे मापदंड की ओर इशारा किया. उन्होंने कहा, "युगों-युगों से अभिनेत्रियों के साथ अन्याय हो रहा है. भारतीय सिनेमा इंडस्ट्री में दो तरह की नीतियां हैं. महिलाओं पर इंडस्ट्री में सब कुछ थोप दिया जाता है."
रणवीर सिंह की पत्नी ने आगे कहा कि "कई अभिनेता, खासकर सुपरस्टार, सिर्फ आठ घंटे ही काम करते हैं. वे लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं. मैं किसी का नाम नहीं ले रही हूँ, लेकिन वे आठ घंटे की शिफ्ट करते हैं और शनिवार-रविवार को छुट्टी पर रहते हैं. तब कोई बात नहीं करता, कोई चर्चा नहीं होती, यह खबर नहीं बनती."
दीपिका ने यह भी खुलासा किया कि वह इस मुद्दे और अपनी फीस को लेकर चुपचाप अपनी लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन कुछ लोग इसे सार्वजनिक कर देते हैं.
दीपिका पादुकोण के पास फिलहाल कई बड़े प्रोजेक्ट हैं, जिनमें शाहरुख खान के साथ 'किंग' और अल्लू अर्जुन के साथ डायरेक्टर एटली का ड्रीम प्रोजेक्ट शामिल है.