शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पुल से महानदी में कूदने वाली महिला की मिली लाश

H

Hupendra Sharma

19 अग. 2025, 09:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

महानदी में मिली लाश
महानदी में मिली लाश

आरंग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के पारागांव स्थित महानदी पुल से एक शादीशुदा महिला के छलांग लगाने की खबर सही निकली. घटना के दूसरे दिन मंगलवार को महिला की लाश महानदी में तैरती हुई मिली है. पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. 


सोमवार को दिनभर गोताखोरों की टीम महिला की तलाश करती रही. शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला था. अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा था.


इस बीच नदी से एक अज्ञात बुजुर्ग महिला की लाश मिली थी. उसकी भी पहचान हो गई है. वह महासमुंद जिले के बेमचा निवासी चंपा चंद्राकर है. उनके परिजनों को शव सौंप दिया गया है. 


पुलिस ने बताया कि सोमवार को पारागांव महानदी पुल पर स्वाति त्रिवेदी की स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली थी. पुल की रेलिंग पर उसका दुपट्टा बंधा हुआ था.


आशंका थी कि स्वाति महानदी में कूद गई होगी. इसी आधार पर पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी हुई थी.


हालांकि किसी ने महिला को कूदते हुए नहीं देखा था. मंगलवार को एक बार रेस्क्यू शुरू किया गया. कुछ देर बाद ही महिला का शव बरामद कर लिया गया.


पुलिस अब महिला के आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है. 


पुलिस के मुताबिक स्वाति त्रिवेदी की शादी दो साल पहले रायपुर संतोषी नगर में हुई थी. उनका ढाई महीने का एक बच्चा भी है.


वह रक्षाबंधन मनाने मायके पारागांव आई थी. रविवार को पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे मिलने आए थे.


अगले दिन सुबह 5 बजे स्वाति घर से स्कूटी लेकर निकल गई थी. पुलिस परिजनों और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP