रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा: मॉनिटर लिजार्ड का शिकार पड़ा भारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

27 अग. 2026, 02:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 4

जेल
जेल

दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंस्टाग्राम पर मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के शिकार, उसे पकाने और खाने का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई कुआकोंडा ब्लॉक के खुटेपाल गांव में की गई, जहां आरोपियों की पहचान हुंगा (30), कोसा पायम (39) और नंदा राम ओयामी (36) के रूप में हुई है.


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ये तीनों ग्रामीण करीब एक सप्ताह पहले जंगल में मवेशी चराने गए थे, जहां उन्होंने मॉनिटर लिजार्ड को देखा और उसका शिकार कर दिया. इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर बाद में इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया. 

विज्ञापन


वीडियो के वायरल होते ही दंतेवाड़ा वन विभाग अलर्ट हुआ और इंस्टाग्राम अकाउंट के डिस्प्ले पिक्चर में दिख रहे मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आरोपियों तक पहुंच गया.


बचेली के रेंजर प्रितेश पांडे ने बताया कि आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल किए गए तीन बंदा हथियार और दो तीर-कमान जब्त कर लिए गए हैं. 


मॉनिटर लिजार्ड को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I (Schedule I) के तहत उच्च सुरक्षा प्राप्त श्रेणी में रखा गया है, जिसके तहत शिकार करने पर तीन से सात साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें दंतेवाड़ा अदालत में पेश किया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP