दंतेवाड़ा: सफाई के दौरान AK-47 से गोली चलने से CISF जवान की मौत
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला पहाड़ियों पर स्थित एनएमडीसी (NMDC) खनन क्षेत्र में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक हेड कांस्टेबल की अपनी ही सर्विस राइफल से गोली चलने के कारण मौत हो गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे CISF के बचेली कैंप क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक पोर्टाकेबिन पोस्ट पर घटी. मृतक की पहचान 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय अपनी AK-47 राइफल की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक गलती से दो राउंड फायर हो गए. गोली सीधे उन्हें जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी जवानों द्वारा उन्हें तुरंत बचेली स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद शव को एनएमडीसी अपोलो अस्पताल के शवगृह में रखा गया और बाद में पोस्टमार्टम व कानूनी औपचारिकताओं के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया.
सूचना मिलते ही जवान के परिजन बचेली पहुंच चुके हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच, घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही गोली चलने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. File Photo.