तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर IED ब्लास्ट में CRPF जवान घायल
मुलुगु । डेस्क: तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित मुलुगु जिले के पमुनूर वन क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया. घायल जवान की पहचान सीआरपीएफ की 39वीं बटालियन के सवाजीत पाठक के रूप में हुई है, जो जेल्ला क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान विस्फोट का शिकार हुए.
घटना के तुरंत बाद घायल जवान को हेलिकॉप्टर के जरिए वेंकटपुरम लाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्बुलेंस द्वारा वारंगल रेफर कर दिया गया.
गौरतलब है कि क्षेत्र के कर्रेगुट्टा जंगलों में पिछले कुछ दिनों से कोबरा, ग्रेहाउंड्स और जिला रिजर्व गार्ड के लगभग 2,000 सुरक्षाकर्मी नक्सल विरोधी अभियान चला रहे हैं.
पुलिस ने हाल ही में कर्रेगुट्टा पहाड़ियों पर एक बड़े हमले के बाद इस क्षेत्र के अधिकांश हिस्से पर नियंत्रण कर गुंजापार्थी, एलामिडी और पमुनूर जैसे स्थानों पर फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस स्थापित किए हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा देश से नक्सलवाद खत्म करने की तय समय-सीमा के मद्देनजर पमुनूर, मोरमुरु और चेकपल्ली जैसे इलाकों में सुरक्षाबलों की तैनाती और सघन कर दी गई है.