छत्तीसगढ़ में क्रिकेट एकेडमी को मंजूरी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए सरकार नवा रायपुर के परसदा में क्रिकेट एकेडमी बनाएगी. यहां करीब 8 एकड़ में एकेडमी तैयार की जाएगी. इस अकादमी में राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेगी.
प्रदेश में अब रेत खदानों का आवंटन ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे. इसके लिए बुधवार को साय कैबिनेट की बैठक में प्रस्तावित नियमों में संशोधन किया गया है. सरकार का दावा है कि इससे अवैध उत्खन और परिवहन में रोक लगेगी. साथ ही जनता को उचित मूल्य पर रेत मिलेगी.
इसके अलावा अब ग्रामीण कृषि भूमि के बाजार मूल्य की गणना के लिए 500 वर्गमीटर तक के भू-खण्ड की दर को समाप्त करते हुए सम्पूर्ण रकबा की गणना हेक्टेयर दर से की जाएगी. इससे भारत माला जैसे परियोजनाओं में गड़बड़ी में कमी आएगी.
मंत्रिपरिषद द्वारा भारत सरकार के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 में आवश्यक संशोधन किए जाने का निर्णय लिया गया है.
इससे मिलने वाली राशि का 70 प्रतिशत पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध एवं निःशक्तजन के कल्याण के साथ ही कौशल विकास एवं रोजगार, स्वच्छता, आवास, पशुपालन के समग्र विकास पर किया जाएगा.
रेत अधिनियम में बदलाव
साधारण रेत खनन और परिवहन में पारदर्शिता लाने के लिए छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत नियम 2019 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम 2023 को निरसित करते हुए नवीन नियम ‘‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025‘‘ का अनुमोदन किया गया. इससे आम जनता को उचित दरों पर रेत उपलब्ध हो सकेगी.
साथ ही रेत उत्खनन में पर्यावरण और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा. प्रस्तावित नियमों में रेत खदान आवंटन की कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के माध्यम से की जाएगी.
कृषि भूमि की गणना हेक्टेयर से
सरकार ने ग्रामीण कृषि भूमि के बाजार मूल्य की गणना के लिए 500 वर्गमीटर तक के भू-खण्ड की दर को समाप्त करते हुए सम्पूर्ण रकबा की गणना हेक्टेयर दर से करने का फैसला किया है.
भारतमाला परियोजना और बिलासपुर के अरपा भैंसाझार में जिस तरह की अनियमितताएं सामने आई थीं, उनसे बचने के लिए यह फैसला किया गया है.
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र की परिवर्तित भूमि का मूल्यांकन सिंचित भूमि के ढाई गुना करने के प्रावधान को विलोपित करने के साथ ही शहरी सीमा से लगे ग्रामों की भूमियों और निवेश क्षेत्र की भूमियों के लिए वर्गमीटर में दरों का निर्धारण किया जाएगा.
मंत्रिपरिषद् की बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (cscs) को नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में क्रिकेट अकादमी की स्थापना के लिए 7.96 एकड़ भूमि आबंटित किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई.
नवा रायपुर में अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी की स्थापना से राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनके कौशल और प्रतिभा को निखारने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी.ी.