बस्तर में किसान राहत की मांग पर कांग्रेस का चक्काजाम, मुआवजा और कर्ज माफी की मांग
बस्तर संभाग में भीषण बाढ़ से हुए नुकसान के बाद किसानों की सहायता और कर्ज माफी को लेकर जगदलपुर में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और ज्ञापन सौंपा.
जगदलपुर । संवाददाता: हाल ही में बस्तर संभाग और विशेष रूप से जगदलपुर के आसपास आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त करने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक कमर तोड़ दी है. खेतों में पानी भर जाने से कई किसानों की फसलें पूरी तरह से चौपट हो चुकी हैं, जिससे उनके सामने अगली फसल की तैयारी और आजीविका चलाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
इसी संकट के बीच बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. किसानों को बाढ़ से हुई फसल तबाही का उचित मुआवजा देने और उनके किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का कर्ज माफ करने की मांग को लेकर NH-30 पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया.
प्रदर्शन समाप्त होने के उपरांत राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया.
इस ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने शासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराने, समय सीमा के भीतर सहायता राशि प्रदान करने और पूरी प्रक्रिया में प्रशासनिक जवाबदेही तय करने का आग्रह किया है. पार्टी का स्पष्ट कहना है कि केवल राहत की घोषणा कर देना काफी नहीं है, बल्कि फसल, मकान, पशुधन और घरेलू सामान को पहुंचे वास्तविक नुकसान का सही आकलन करके प्रभावित परिवारों को पर्याप्त सहायता दी जानी चाहिए.
वर्तमान में किसानों को 3 हजार से 8 हजार रुपए प्रति एकड़ तक राहत मिलने की बात कही जा रही है, जो बढ़ती जुताई, बीज, खाद और मजदूरी की लागत को देखते हुए बेहद नाकाफी है और इससे नुकसान की भरपाई संभव नहीं है.
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की धीमी गति को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की है. इससे पहले 15 अक्टूबर 2026 को भी कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को किसानों की स्थिति से अवगत कराते हुए 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था.
हालांकि, करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी शासन द्वारा कोई उचित कदम या घोषणा न किए जाने के कारण पार्टी को पुनः प्रदर्शन का रास्ता चुनना पड़ा. इस विरोध प्रदर्शन में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल और किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दयाराम कश्यप सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे.