रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प

युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

H

Hupendra Sharma

18 जून 2025, 12:07 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

युक्तियुक्तकरण का विरोध
युक्तियुक्तकरण का विरोध

कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस ने रैली निकाली, जिसमें जमकर बवाल हुआ. पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई.


इस दौरान धक्का-मुक्की में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को भी चोट आई है. 

विज्ञापन


युक्तियुक्तकरण के विरोध में बुधवार को कांग्रेस द्वारा रैली निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया गया. कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रायपुर नाका के पास रोक दिया.


इससे नाराज कार्यकर्ता कुछ देर तक वहीं सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. कुछ देर बाद भीड़ काफी आक्रोशित हो गई और बैरिकेट के ऊपर से आगे बढ़ने लगी. इससे हालात काफी तनावपूर्ण हो गए और पुलिस के साथ झूमाझटकी शुरू हो गई.


झूमाझटकी में आरक्षक मनोज कोर्राम गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. 


इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल भी चोटिल हुईं. धक्का-मुक्की में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम भी गिर पड़े, जिन्हें कार्यकर्ताओं ने उठाया.


इनके अलावा कई महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं को भी चोटें आई हैं. 


कांग्रेसियों का आरोप है कि हम लोग शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान पुलिस ने जबरदस्ती बल प्रयोग किया. वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP