कल से फिर बरसेंगे बादल, 15 से झमाझम
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं. 11 जून यानी बुधवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है.
इसके बाद 15 जून से प्रदेशभर में व्यापक और नियमित बारिश की संभावना है.
प्रदेश में इस बार समय से पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी थी. मानसून बस्तर पहुंच कर ठहर गया था, जो पखवाड़े भर से आगे नहीं बढ़ रहा था.
मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन रही थीं. अब एक बार फिर खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम बनने लगा है. जिससे बदली-बारिश के आसार बन रहे हैं.
आज छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार से वातावरण में बदलाव शुरू होगा. आज प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे.
लेकिन 11 जून से पूरे राज्य में बादल छाने के साथ बारिश की शुरूआत हो सकती है. इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी.
पिछले सप्ताह भर से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जरूर राहत मिलेगी. इस दौरान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
12 जून से बारिश का क्षेत्र और अधिक फैलेगा. इसके बाद 15 जून से अच्छी बारिश की शुरूआत हो जाएगी.
आंधी-बारिश के साथ गाज गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बस्तर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है.
इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन रही है.
मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है.
खासकर ग्रामीण और किसान मौसम की जानकारी पर नजर रखें और आवश्यक एहतियात बरतें. क्योंकि यह समय खरीफ सीजन की तैयारी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है.
सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बिलासपुर में 41.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा है. बाकी जगहों पर 35 से 41 डिग्री के बीच रहा.
वहीं राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया. यह सामान्य से 0.6 अधिक है.