छत्तीसगढ़: बीच-बचाव करने गए युवक की हंसिया से हत्या
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मोहला थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में 1 फरवरी की शाम को शांति स्थापित करने पहुंचे युवक प्रवीण कुमार भुआर्य की धारदार हंसिया से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना के मुख्य आरोपी लोमश कुमार मंडावी (24 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, प्रवीण कुमार अपने मित्र विमल मांडवी के साथ गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे. रास्ते में विजय सलामें और लोमश मंडावी के बीच तेज बहस और झगड़ा चल रहा था. दोनों दोस्तों ने बीच-बचाव किया और लोमश को उसके घर तक सुरक्षित पहुंचाने में मदद की. हालांकि, वापसी के दौरान लोमश घर से सब्जी काटने वाली तेज धार वाली हंसिया लेकर बाहर निकला और गुस्से में प्रवीण पर बेरहमी से वार कर दिया.
हमले में प्रवीण को पेट और दाहिने हाथ की उंगली में गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत मोहला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई.
मृतक के परिजनों की शिकायत पर मोहला थाना पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की. मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी लोमश मंडावी को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया. घटना में इस्तेमाल हंसिया भी उसके कब्जे से बरामद कर जब्त की गई है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.