छत्तीसगढ़: पुल से गिरी कार में आग लगने से दो लोग जिंदा जले
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मकर संक्रांति के पर्व के बीच एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है. बुधवार तड़के करीब 4 बजे बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई.
इस हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान बिलासपुर के तोरवा निवासी गोपाल चंद्र डे (42) और अरुण सेन (36) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक अपनी कार (CG-10-BF-1673) से बिलासपुर से विश्रामपुर में आयोजित 'तातपानी महोत्सव' में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी कार कोरबा और सरगुजा जिले की सीमा पर स्थित मदनपुर के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पुल के नीचे खाई में जा गिरी.
चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, गिरने के कुछ ही क्षणों बाद कार आग की लपटों से घिर गई. कार में फंसे दोनों लोगों ने बाहर निकलने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दरवाजा न खुलने के कारण वे अंदर ही फंस गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और मोरगा चौकी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जले हुए वाहन से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उल्लेखनीय है कि कटघोरा से सरगुजा को जोड़ने वाला यह नेशनल हाईवे बेहद खतरनाक माना जाता है.
इसे 'एक्सीडेंट प्रोन हाईवे' के रूप में पहचान मिली है, जहां साल 2025 में ही अब तक 43 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. स्थानीय लोगों ने सड़क की संरचनात्मक खामियों और ब्लैक स्पॉट्स को ठीक न किए जाने पर प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है.