कोरबा में दो सड़क हादसों में दो की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पहला हादसा कोरबा-चांपा मार्ग पर हुआ, जिसमें एक अधिवक्ता की जान चली गई. दूसरा हादसा बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां राखड़ से भरे एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसका सिर शरीर से अलग हो गया.
कोरबा-चांपा मार्ग पर अधिवक्ता की मौत
कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा गांव से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुए हादसे में 57 वर्षीय अधिवक्ता नरेंद्र जायसवाल की मृत्यु हो गई. जानकारी के अनुसार, नरेंद्र जायसवाल अंजोरीपाली भैसमा के निवासी थे और नियमित रूप से कोरबा जिला न्यायालय में काम के लिए आते-जाते थे. शनिवार रात करीब 10 बजे वह कोर्ट से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर गये और वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है.
बांकी मोंगरा में राखड़ वाहन ने ली जान
दूसरा हादसा बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के दफाई राखड़ डैम के पास हुआ. यहां एक तेज रफ्तार राखड़ वाहन ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार का सिर उसके धड़ से अलग हो गया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस को सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस की कार्रवाई और जनता में आक्रोश
दोनों हादसों ने कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं. पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.