कोरबा: बदमाश टैक्सी लेकर फरार
कोरबा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक टैक्सी चालक का अपहरण कर बदमाशों ने उसका मोबाइल और गाड़ी लूट ली.
घटना उरगा थाना क्षेत्र के बरपाली के पास हुई, जहां चार अज्ञात व्यक्तियों ने पहले टैक्सी बुक की और फिर चालक को बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया.
29 वर्षीय टैक्सी चालक अंकुश यादव ने बताया कि चार लोग चांपा वाहन स्टैंड पर आये और कोरबा जाने के लिये 1500 रुपये में उनकी टैक्सी बुक की. चांपा से कोरबा की ओर जाते समय बरपाली के पास एक व्यक्ति ने उल्टी करने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई. तभी पीछे बैठे एक बदमाश ने चालक के गले पर चाकू रख दिया, जबकि दूसरे ने बंदूक तान दी.
इसके बाद बदमाशों ने चालक का मोबाइल छीन लिया और उसे गाड़ी की पिछली सीट पर बिठाकर बांगो थाना क्षेत्र से करीब 9 किलोमीटर दूर एक जंगल में ले गये.
जंगल में चालक को छोड़कर बदमाश टैक्सी लेकर फरार हो गये. अंकुश ने बताया कि बांगो के पास पहुंचने से पहले बदमाशों ने अपने चेहरों को कपड़े से ढक लिया था.
किसी तरह लिफ्ट लेकर अंकुश बांगो थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में बदमाश टैक्सी के साथ दिखाई दिये हैं.
जहां पर बदमाशों ने टोल शुल्क चुकाया और गाड़ी लेकर भाग गये. बांगो थाना पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.