OMG! सुकमा में शिक्षक ने 426 बच्चों के भोजन में मिलाया फिनाइल
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के अंतर्गत पकेला पोता केबिन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक शिक्षक ने कथित तौर पर 426 बच्चों के भोजन में फिनाइल (जहर) मिलाने की कोशिश की. सतर्क अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई के कारण भोजन को फेंक दिया गया, जिससे बच्चों की जान बच गई. इस घटना के पीछे शिक्षक का बदला लेने का मकसद बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने तुरंत तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया, जिसमें एसडीएम सूरज कश्यप, डीएमसी उमाशंकर तिवारी और एपीसी आशीष राम शामिल हैं. जांच दल ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू की और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए. कलेक्टर ध्रुव ने कहा, "इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है. दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है."
घटना तब सामने आई जब अधीक्षक ने समय रहते भोजन में असामान्य बदबू और स्थिति को पहचान लिया. भोजन को तुरंत नष्ट कर दिया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया. यदि यह भोजन बच्चों तक पहुंच जाता, तो 426 मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी. जिला प्रशासन ने आरोपी शिक्षक और अन्य संदिग्धों के खिलाफ जांच तेज कर दी है.
(फोटो-प्रतीकात्मक)