भुवनेश्वर के KIIT में छत्तीसगढ़ के छात्र की मौत
भुवनेश्वर के हॉस्टल में छत्तीसगढ़ के छात्र का शव मिला
भुवनेश्वर । डेस्क: भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) यूनिवर्सिटी के हॉस्टल रूम में रविवार रात एक प्रथम वर्ष के छात्र का शव मिला है. यह इस साल संस्थान में इस तरह का तीसरा मामला है.
पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र की पहचान राहुल यादव (18) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ का निवासी था और निजी संस्थान में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का छात्र था.
शुरुआती जाँच के अनुसार, राहुल के कथित प्रेम संबंध इस घटना का कारण हो सकते हैं. मृतक के सोशल मीडिया अकाउंट्स, डिजिटल संचार, और हॉस्टल के अन्य छात्रों, माँ और रिश्तेदारों से मिली जानकारी से संकेत मिलता है कि वह अपने गृह राज्य की एक लड़की के साथ रिश्ते में था.
छात्र की माँ, निर्मला यादव ने लड़की के परिवार द्वारा उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, "लड़की के पिता मुझे और मेरे बेटे को फोन कर धमकाते थे. मेरा बेटा मानसिक दबाव में था. मैंने हॉस्टल अधिकारियों को बार-बार उस पर नज़र रखने के लिए कहा था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया."
पुलिस ने बताया कि छात्र की माँ की शिकायत के आधार पर लड़की के पिता, माँ और भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
भुवनेश्वर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया, "हॉस्टल का कमरा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में खोला गया. शव को KIMS अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया."
KIIT प्रशासन ने अभी तक छात्र की मौत पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
गौरतलब है कि इसी साल जुलाई में, UGC ने 16 फरवरी और 1 मई को दो नेपाली छात्रों की मौत के बाद यूनिवर्सिटी से स्पष्टीकरण मांगा था कि उसके खिलाफ "अनुशासनिक या कानूनी कार्रवाई" क्यों न की जाए. एक जांच करने वाले पैनल ने तब कहा था कि KIIT प्रशासन की कार्रवाई "आपराधिक दायित्व की श्रेणी में आती है."