छत्तीसगढ़: GPS ट्रैकर के जाल में फंसा राशन चोर गिरोह, 5 आरोपी गिरफ्तार
शक्कर की बोरी में छुपा जीपीएस ट्रैकर बना पुलिस का हथियार! रायगढ़ की 12 से अधिक राशन दुकानों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, पत्थलगांव से 5 आरोपी गिरफ्तार और 38.60 लाख का माल जब्त.
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से राशन उड़ाने वाले एक अंतरप्रांतीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. लगातार हो रही चोरियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को सतर्क करते हुए खाद्य सामग्रियों में गुप्त रूप से जीपीएस डिवाइस लगाने का सुझाव दिया था.
यह योजना बेहद कारगर साबित हुई जब 25 और 26 अक्टूबर की मध्य रात्रि कोतमरा स्थित राशन दुकान से चोर शक्कर की जिस बोरी को ले गए, उसमें पहले से ही ट्रैकर लगा हुआ था.
जैसे ही आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया, पुलिस ने जीपीएस लोकेशन का पीछा करना शुरू किया. रायगढ़ से धरमजयगढ़ के रास्ते होते हुए पुलिस की टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के ठिकाने पर वह ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद हो गई.
इसी सुराग के सहारे पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों—सेवाल कुजूर, समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी और डमरूधर खूंटे—को धर दबोचा.
पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर तथा चोरी में इस्तेमाल की गई इनोवा और क्रेटा गाड़ियां जब्त कीं. जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 38.60 लाख रुपये आंकी गई है.
यह गिरोह रात के सन्नाटे में लग्जरी वाहनों से आकर औरदा, तड़ोला, कंवरिहा, बासनपाली, तिलगी सहित पुसौर इलाके की दर्जनभर से अधिक राशन दुकानों को निशाना बनाता था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस टेक-स्मार्ट कार्रवाई से क्षेत्र के राशन दुकानदारों ने राहत की सांस ली है.