छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
छत्तीसगढ़ के रायपुर में खेले गए रोमांचक मुकाबलों में युवराज वाल्मीकि की हैट्रिक और केतन के शानदार खेल के बाद न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल का टिकट कटवाया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार वापसी करते हुए टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की.
रायपुर । संवाददाता: रायपुर में जारी हॉकी प्रतियोगिता में 27 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे. दिन के पहले मैच में न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच 4-4 से कड़ा मुकाबला ड्रॉ पर छूटा. अंक तालिका में शीर्ष पर बने रहने के कारण न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है.
वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की.
मैच नंबर 10 में चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीन गोल दागकर टूर्नामेंट की अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी की. दूसरी तरफ, न्यायधानी नाइट्स के लिए केतन ने आक्रामक और रणनीतिक हॉकी का प्रदर्शन किया. मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने संभलकर खेल दिखाया.
दूसरे क्वार्टर में केतन के शानदार मूव्स की मदद से आदर्श और सोनू निषाद ने गोल कर अपनी टीम को हाफ-टाइम तक 2-1 की बढ़त दिलाई. तीसरे क्वार्टर में केतन ने खुद गोल कर स्कोर 4 तक पहुंचाया. हालांकि, युवराज वाल्मीकि ने पेनल्टी स्ट्रोक और फील्ड गोल के जरिए चैंपियंस को मैच में वापस ला खड़ा किया और मुकाबला 4-4 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
दिन के दूसरे मैच में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और राजधानी रॉयल्स के लिए जीत दर्ज करना बेहद जरूरी था. शुरुआती दबाव के बाद समशेर के नेतृत्व में खेल रही स्ट्राइकर्स की टीम ने रफ्तार पकड़ी. आशीष तानी पूर्ति और शाहरुख ने 2-2 गोल करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
राजधानी रॉयल्स की तरफ से रोशन और ललित ने गोल कर वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन स्ट्राइकर्स के आक्रामक खेल के आगे वे टिक न सके और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने 4-2 से मैच अपने नाम कर लिया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीष को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और शाहरुख को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया.