रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर में प्रेमिका विवाद में दोस्त की हत्या

C

CG Khabar

25 जुल. 2025, 05:55 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

रायपुर । संवाददाता: एक युवक की उसके दो बचपन के दोस्तों ने प्रेमिका को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी. आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर, उसमें पत्थर डालकर एक खदान के तालाब में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. रायपुर में 2025 में अब तक 30 हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें से 6 पिछले 7 दिनों में हुई हैं.


24 जुलाई की शाम को राखी थाना क्षेत्र के बेंद्री गांव में एक पानी से भरी खदान में एक बोरा तैरता दिखा. स्थानीय लोगों ने बोरे से बाहर निकला मानव पैर देखा और पुलिस को सूचना दी. 

विज्ञापन


मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को निकाला, जो 3-4 दिन पुराना और सड़ने की स्थिति में था. शव के सिर और गले पर गंभीर चोटें थीं.


पुलिस ने शव की पहचान 20 वर्षीय दिनेश मानिकपुरी, कायाबंधा निवासी, के रूप में की. परिवार ने बताया कि दिनेश आखिरी बार अपने दो दोस्तों साहेब दास मानिकपुरी (19) और सोहन उर्फ पिंटू कांद्रा (25) के साथ देखा गया था.


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों बचपन के दोस्त थे. 24 जुलाई को वे दिनेश को स्कूटर पर लेकर खदान के पास शराब पीने गये. 


वहां गांव की एक लड़की को लेकर विवाद शुरू हुआ. गुस्से में साहेब और सोहन ने दिनेश पर चाकू से हमला किया, उसके गले और पेट में वार किये जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.


पहचान छिपाने के लिये आरोपियों ने दिनेश के चेहरे और सिर को पत्थर से कुचल दिया. फिर शव को बोरे में भरकर, उसमें पत्थर डालकर खदान के तालाब में फेंक दिया.


पुलिस ने साहेब और सोहन को गिरफ्तार कर लिया. अपराध में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटर और मोबाइल फोन भी जब्त किये गये. हत्या और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.


रायपुर में हिंसक अपराधों में वृद्धि देखी जा रही है. 2025 में अब तक 30 हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें से 6 पिछले 7 दिनों में हुई हैं. पिछले तीन वर्षों में जिले में 220 हत्याएं दर्ज की गई हैं.


एएसपी विवेक शुक्ला के अनुसार कई हत्यायें नशे के प्रभाव में हो रही हैं. अपराधी ऑनलाइन चाकू खरीद रहे हैं और फर्जी डिलीवरी पते देकर अपनी पहचान छिपा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP