रायपुर में दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजा तालाब इलाके में एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत करने वाले के घर और दुकान पर बुलडोजर कार्यवाही की गई. बुधवार सुबह जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के घर और दुकान के गैरकानूनी हिस्सों को जमींदोज कर दिया.
बुलडोजरों की मदद से यह कार्रवाई की गई, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो, पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और बैरिकेडिंग लगाकर आने-जाने पर पाबंदी लगाई गई.
जांच में पता चला कि आरोपी ने बिना अनुमति के नियमों को ताक पर रखकर ये निर्माण करवाए थे. सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही यह ध्वस्तीकरण किया गया.
आरोपी पर बच्ची को बंधक बनाकर कई दिनों तक शारीरिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं.
गौरतलब है कि 55 वर्षीय दुकानदार आरोपी मासूम को चॉकलेट और खाने-पीने की चीजों का लालच देकर अपने घर ले जाता था, जहाँ 7 से 11 जनवरी के बीच उसने बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया. आरोपी ने बच्ची को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण वह सहमी रही.
इस घृणित अपराध का खुलासा 12 जनवरी 2026 को तब हुआ जब बच्ची अपनी चाची के पास नहाते समय दर्द से कराह उठी. परिजनों द्वारा विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया था.