रायगढ़ ब्लास्ट में अस्पताल में भर्ती 2 और मजदूरों की रायपुर में मौत
रायगढ़ के मंगल कार्बन प्लांट ब्लास्ट में अस्पताल में भर्ती 2 और मजदूरों की रायपुर में मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर गांव स्थित मंगल कार्बन प्लांट में पिछले दिनों हुए भीषण विस्फोट में अब दो और लोगों की मौत हो गई है. टायर गलाने के दौरान 5 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ था, जिसमें आग की लपटों और गर्मी से कुल 8 लोग बुरी तरह झुलस गए थे. इनमें एक 9 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल थी.
हादसे के बाद घायलों को पहले रायगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर सात लोगों (बच्ची सहित) को राजधानी रायपुर के कल्दा बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर रेफर किया गया.
इलाज के दौरान 9 फरवरी की शाम को 9 महीने की बच्ची भूमि खड़िया ने दम तोड़ दिया था. अब बुधवार सुबह इस हादसे में झुलसे दो और मजदूरों 19 वर्षीय इंदीवर और 27 वर्षीय शिव खड़िया की भी मौत हो गई. इस तरह इस दर्दनाक घटना में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है.
बाकी बचे चार घायल अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. वर्तमान में इलाजरत घायलों में शामिल हैं. घायलों में साहेब लाल खड़िया (45 वर्ष) - 80-90%, उदाशिनी खड़िया (25 वर्ष) - 30-40%, कौशल (25 वर्ष) - 70-80% तथा प्रिया (32 वर्ष) - 70-80% झुलसे हुए हैं
यह हादसा टायर से कार्बन ब्लैक निकालने वाली इस फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की कमी या लापरवाही के कारण हुआ माना जा रहा है. स्थानीय स्तर पर जांच चल रही है, जबकि परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.