रायगढ़ में महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने बलात्कार किया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 8 मई को वह सुबह अपने घर की बाड़ी में काम कर रही थी. उस समय उसका पति काम के लिये बाहर गया हुआ था. इसी दौरान गांव का ही सागर सिदार नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और उसे जबरदस्ती कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.
घटना के बाद पीड़िता ने डर और सामाजिक लज्जा के कारण तुरंत शिकायत दर्ज नहीं की. उसने अपने पति को उसी रात घटना की जानकारी दी, लेकिन आरोपी की धमकियों के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत करने से परहेज किया.
30 जून की शाम को आरोपी सागर सिदार फिर से पीड़िता के घर पहुंचा और उसे पुरानी घटना को लेकर धमकाने लगा. इस बार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और कोतरा रोड थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. महिला उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी सागर सिदार उर्फ खीरसागर (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने उसके खिलाफ भादंसं की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया. गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.