रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ जिंदल स्टील प्लांट में महिला इंजीनियर की आत्महत्या

C

CG Khabar

08 सित. 2025, 09:47 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

फांसी आत्महत्या
फांसी आत्महत्या

रायगढ़ । संवाददाता छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के जिंदल स्टील प्लांट में कार्यरत 30 वर्षीय महिला इंजीनियर ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में हुई. मृतका की पहचान ओडिशा के केउंझर निवासी मोनालिसा नायक के रूप में हुई है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्पष्टता होने की उम्मीद है.


पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों से पूछताछ

विज्ञापन


कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज और उनकी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को फांसी से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोनालिसा के आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए उनके परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.


हॉस्टल में मास्टर चाबी से खुला कमरा


जानकारी के मुताबिक, मोनालिसा ने शाम को अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था. जब उनकी सहेली ने दरवाजा खटखटाया और फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद सहेली ने अन्य लड़कियों और हॉस्टल मैनेजर को सूचित किया. मैनेजर ने मास्टर चाबी से कमरे का दरवाजा खोला, जहां मोनालिसा का शव फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया. हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और कंपनी प्रबंधन को दी.

मेडिकल चेकअप के बाद लौटी थीं मोनालिसा


मोनालिसा नायक पिछले कुछ समय से जिंदल स्टील प्लांट में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं. बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह अपनी एक सहेली के साथ वार्षिक मेडिकल चेकअप के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल गई थीं. चेकअप के बाद वह हॉस्टल लौटीं और अपने कमरे में चली गईं. कुछ घंटों बाद ही यह दुखद घटना सामने आई.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज


पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी. फिलहाल, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP