बिलासपुर जेल में कैदी ने हंसिया से गला काटा, हालत गंभीर
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह जेल के किचन में सब्जी काटने के दौरान एक कैदी ने अचानक हंसिया से अपना गला रेत लिया. कैदी की पहचान विकास कश्यप के रूप में हुई है, जो हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही जेल स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल कैदी को एम्बुलेंस से सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज जारी है. सूत्रों के अनुसार, उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
विकास कश्यप पेंड्रा का निवासी है और पिछले दो वर्षों से जेल में बंद है. जानकारी के मुताबिक, पारिवारिक विवाद में उसने अपनी दादी की हत्या की थी, जिसके लिए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी.
यह घटना जेल प्रशासन के लिए बड़ा झटका साबित हुई है, क्योंकि किचन जैसे कामकाजी क्षेत्र में ऐसी हरकत कैसे संभव हुई, इस पर सवाल उठ रहे हैं. अन्य कैदियों में भी इस घटना से डर का माहौल पैदा हो गया है.
जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैदी ने यह कदम क्यों उठाया क्या कोई मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्या या कोई अन्य वजह थी. जांच पूरी होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.