खुद के विवाह के खिलाफ खड़ी हुई नाबालिग, प्रशासन ने रुकवाई शादी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक साहसी नाबालिग लड़की ने खुद अपनी शादी रुकवा दी. मामला गौरेला ब्लॉक के अंधियारखो ग्राम पंचायत का है, जहां 18 अप्रैल को एक विवाह संपन्न होना था.
अपनी उम्र कम होने का अहसास होने पर लड़की ने खुद चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर मदद मांगी. जांच में पाया गया कि किशोरी बालिग होने की निर्धारित आयु से महज 3 माह और 1 दिन छोटी थी.
सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग सक्रिय हो गया. जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी बीरेंद्र कुर्रे की टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जब दस्तावेजों की पड़ताल की गई, तो लड़की की उम्र 17 वर्ष 8 माह 29 दिन निकली, जो कानूनन विवाह योग्य नहीं है.
प्रशासन की टीम ने लड़के और लड़की, दोनों पक्षों के परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत होने वाली कानूनी कार्रवाई और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया.
काउंसलिंग के बाद परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार की और लिखित घोषणा पत्र देकर शादी स्थगित करने का निर्णय लिया. जागरूक किशोरी के इस कदम की अब क्षेत्र में सराहना की जा रही है.