MP के जंगल में मिला पंचायत सचिव का शव, फांसी का संदेह
बिलासपुर । संवाददाता: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक पंचायत सचिव ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक सुसाइड के पीछे का कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है.
मृतक का नाम राजेश दाहिया बताया जा रहा है, जो मरवाही थाना क्षेत्र के परासी गांव का निवासी था. उसकी ड्यूटी मरवाही जनपद के सेमरदर्री गांव में थी. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पंचायत सचिव संघ के सदस्यों समेत गांववासी स्तब्ध हैं.
हर कोई यह सोच रहा है कि इतना समझदार व्यक्ति ऐसा कदम कैसे उठा सकता है.
शनिवार सुबह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जंगल में राजेश का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया. जैसे ही इसकी सूचना परिवार और साथियों को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे.
मध्य प्रदेश की भालूमाड़ा पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.
स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिवार के बयानों के आधार पर आगे की तहकीकात कर रही है. जांच के दौरान किसी तरह की साजिश या बाहरी दबाव की आशंका को भी खारिज नहीं किया जा रहा है.