एक रुपये में एक पौधा: छत्तीसगढ़ सरकार का स्मार्ट खेती अभियान
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुरगुजा जिले में बागवानी विभाग ने किसानों के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है, जिसके तहत केवल एक रुपये में उच्च गुणवत्ता वाले सब्जी के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इस पहल को साकार करने के लिए विभाग ने जिले में एक नया सीडलिंग यूनिट स्थापित किया है.
अधिकारियों के अनुसार, किसानों को केवल अपनी पसंद के बीज विभाग को प्रदान करने होंगे, जिन्हें सीडलिंग यूनिट में अत्याधुनिक तकनीक से पौधों में बदला जाएगा. इन बेहतर पौधों को किसान अपने खेतों में सीधे रोप सकते हैं, जिससे फसल की पैदावार में वृद्धि होगी.
किसान जगधारी राजवाड़े ने बताया, "पहले हमें बीज और पौधों के लिए कई जिलों में जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा हमारे शहर में ही उपलब्ध है." उन्होंने इस पहल को किसानों के लिए वरदान बताया, क्योंकि मौसम या बीमारी के कारण पौधों के नष्ट होने की समस्या कम होगी.
किफायती और वैज्ञानिक खेती
बाजार में निजी कंपनियों द्वारा तैयार पौधे 12 से 15 रुपये में मिलते हैं, क्योंकि उनकी सीडलिंग इकाइयां महंगी होती हैं. लेकिन अब किसान अपने बीज विभाग को देकर केवल एक रुपये प्रति पौधा प्राप्त कर सकते हैं.
यूनिट प्रभारी चंद्रकांत पैकरा ने बताया कि बीज को ट्रे में रोपने के बाद 12 दिनों तक जर्मिनेशन चैंबर में रखा जाता है, फिर हार्डनिंग चैंबर में तैयार किया जाता है. इसके बाद पौधा रोपण के लिए तैयार हो जाता है.
किसान मोहम्मद अख्तर ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से तैयार पौधे उत्पादन बढ़ाने में मदद करेंगे. "इन पौधों को सीधे खेत में रोपने से समय और मेहनत की बचत होती है, साथ ही नुकसान से भी बचा जा सकता है."
बागवानी विकास अधिकारी गंगा राम सिंह ने कहा कि किसानों को अपने पुराने बीजों पर भरोसा है, जिन्हें विभाग जांचकर सर्वोत्तम पौधे तैयार करता है. यह योजना किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी.
(फोटो- प्रतीकात्मक)