छत्तीसगढ़: अब गांव में चुगली करने पर लगेगा 5000 रुपये का जुर्माना
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मेढ़की गांव ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली 'गपशप और चुगली' को रोकने के लिए एक बेहद अनोखी पहल शुरू की है. गांव की ग्राम समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी की पीठ पीछे बुराई या चुगली करते हुए पाया गया, तो उस पर 5,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा.
ग्रामीणों का मानना है कि छोटी-छोटी बातों का बतंगड़ बनने और अफवाहों के फैलने से गांव में अक्सर तनाव और हिंसा की स्थिति पैदा हो जाती है, जिसे रोकने के लिए यह कड़ा कदम उठाना जरूरी था.
समिति के प्रतिनिधि विश्वकांत भारद्वाज और कोषाध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि यह नियम केवल मौखिक नहीं है, बल्कि शिकायत और प्रमाण मिलने पर इसे सख्ती से लागू किया जाएगा.
गांव में अनुशासन बनाए रखने का यह पहला प्रयास नहीं है.
पिछले पांच वर्षों से यहाँ शराबबंदी के कड़े नियम लागू हैं, जिसके तहत अवैध शराब बेचने वालों पर 10,000 रुपये और शराब पीकर हंगामा करने वालों पर 11,000 रुपये का जुर्माना तय है.
ग्रामीणों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आपसी विश्वास बढ़ेगा और सोशल मीडिया व व्यक्तिगत गपशप से फैलने वाली कड़वाहट कम होगी. गांव की इस प्रगतिशील सोच की अब चारों ओर सराहना हो रही है.