छतीसगढ़: CRPF कैंप हमले में NIA ने 6 के खिलाफ नई चार्जशीट दाखिल की
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने छत्तीसगढ़ में 2024 में हुए सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में एक पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है. इस नई चार्जशीट में छह और आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें तीन फरार नक्सली अवलम भीमा, मडकम नंदा और मडकम देवा उर्फ रतन मुख्य रूप से शामिल हैं.
इनमें से एक आरोपी स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य भी बताया जा रहा है. इन सभी पर यूएपीए, आईपीसी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
इस ताजा कार्रवाई के बाद, इस मामले में एनआईए द्वारा आरोपित कुल व्यक्तियों की संख्या अब 23 हो गई है.
इससे पहले पिछले साल जून में 17 नक्सलियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था.
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि नक्सलियों ने हमले से पहले धर्मवरम कैंप की एक 'डमी रेप्लिका' बनाकर प्रशिक्षण लिया था और बाकायदा रेकी भी की थी.
16 जनवरी 2024 को बीजापुर जिले के धर्मवरम, चिंतावागु और पामेड़ स्थित तीन सीआरपीएफ कैंपों पर नक्सलियों ने देशी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) और स्वचालित हथियारों से भीषण हमला किया था, जिसमें एक दर्जन जवान घायल हुए थे. एनआईए के अनुसार, इस पूरी साजिश का मकसद सुरक्षा बलों की हत्या करना, हथियार लूटना और भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना था.