छत्तीसगढ़ में सभी जिलों में स्थापित होंगे मॉडल स्कूल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आज मंत्रालय, महानदी भवन में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में मॉडल स्कूल स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया.
इसके लिए डीएवी, इग्नाइट, और पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है.
मंत्री यादव ने निर्देश दिए कि मॉडल स्कूल स्थापित करने योग्य स्कूलों की जानकारी 10 दिनों के भीतर संचालनालय को प्रस्तुत की जाए.
साथ ही, भवन विहीन स्कूलों और भवन मरम्मत की आवश्यकता वाले स्कूलों की स्थिति का त्वरित समाधान करने, विशेषकर लघु मरम्मत और शौचालयों के सुधार कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए.
बैठक में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही के लिए रामानुजगंज-बलरामपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डीएन मिश्रा को निलंबित करने और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.
मंत्री यादव ने नए शिक्षा सत्र की शुरुआत में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, और साइकिल वितरण की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान की समीक्षा करते हुए 5वीं, 8वीं, 10वीं, और 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए प्रारंभ से विशेष ध्यान देने को कहा. साथ ही, केंद्रीय छात्रवृत्ति योजना, विद्यार्थियों के बैंक खाते, और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
पेंशन और वेतन निर्धारण के मामलों में, मंत्री ने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन के लिए भटकना न पड़े. इसके लिए सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका और पासबुक नवंबर तक अपडेट करने के निर्देश दिए गए. मृतक कर्मचारियों के आश्रितों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर हितलाभ भुगतान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया.
बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं, रजत जयंती कार्यक्रम, सेजेस भर्ती, और डिजिटल शिक्षा के लिए पी.एम. ई-विद्या चैनल और दीक्षा पोर्टल के प्रचार-प्रसार पर चर्चा हुई. मंत्री यादव ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता और सुदृढ़ होगी.
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी पिल्ले, स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी, प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा संजीव झा, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.