शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

मेडिकल सप्लाई में 1 करोड़ की GST चोरी पकड़ी गई

C

CG Khabar

26 जुल. 2025, 05:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जीएसटी
जीएसटी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मेडिकल सप्लाई में 1 करोड़ रुपयों के जीएसटी की चोरी पकड़ी गई है. राज्य जीएसटी विभाग ने रायगढ़ स्थित एक प्रमुख सर्जिकल और मेडिकल उपकरण आपूर्तिकर्ता, मेसर्स श्याम सर्जिकल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.


यह फर्म छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों के सरकारी अस्पतालों को चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति करती है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिछले 4-5 वर्षों में इस आपूर्तिकर्ता ने स्वास्थ्य विभाग को लगभग 48 करोड़ रुपये की आपूर्ति की, जबकि इन सामग्रियों की वास्तविक खरीद मूल्य केवल 10 करोड़ रुपये था. 


जांच में खुलासा हुआ कि फर्म ने सामान की कीमतों को खरीद मूल्य से 4 से 5 गुना बढ़ाकर 400 से 500 प्रतिशत तक का मुनाफा कमाया.


इस बढ़े हुए मुनाफे को छिपाने और कर देनदारियों से बचने के लिये व्यवसाय के मालिक ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर तीन अन्य फर्जी फर्मों राहुल एंटरप्राइजेज, नारायणी हेल्थकेयर, और पी.आर. एंटरप्राइजेज की स्थापना की. 


इन शेल कंपनियों के माध्यम से आंतरिक लेनदेन कर वास्तविक खरीद-बिक्री का भ्रम पैदा किया गया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 1 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी हुई.


राज्य सरकार ने सभी आपूर्तिकर्ताओं और ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी जारी की है कि सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ कमाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी.


यह कार्रवाई राज्य सरकार के ईमानदार, पारदर्शी और जन-केंद्रित प्रशासनिक दृष्टिकोण का एक मजबूत उदाहरण है. 


यह स्पष्ट संदेश देता है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ने और अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP