दुर्ग में ₹2,000 के विवाद में पीट-पीटकर हत्या
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के अंडा में बुधवार को ₹2,000 के मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, मृतक ओमकारेश्वर सिन्हा का अपने पड़ोसी अजीत ढीमर से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. सिन्हा ने अजीत से ₹2,000 उधार लिए थे, जिसे वह समय पर लौटा नहीं पा रहा था.
इससे नाराज़ होकर अजीत ने सिन्हा के मोबाइल पर एक भड़काऊ संदेश भेजा. इस संदेश से आग बबूला होकर सिन्हा अपने भाई के साथ देर रात अजीत से मिलने उसके घर गया. वहां सिन्हा, उसके भाई और अजीत, उसके दोस्त चेतन और भतीजे नरेश के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही एक हिंसक झड़प में बदल गई.
मृतक के भाई नागेश्वर सिन्हा ने बताया कि वे सिर्फ मिलने गए थे, लेकिन अजीत और उसके पूरे परिवार ने उन पर हमला कर दिया और विरोध करने पर पैसे की मांग की. बेरहमी से पिटाई करने के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गए.
सिन्हा के भाई ने घटना की सूचना परिवार को दी, जिसके बाद घायल ओमकारेश्वर सिन्हा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दुर्ग के एसपी विजय अग्रवाल ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतक के व्हाट्सएप चैट की भी समीक्षा की जा रही है."