शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई में रसोई गैस वितरक के बाउंसरों ने ग्राहक को पीटा

C

CG Khabar

27 मार्च 2026, 04:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बाउंसर गिरफ्तार
बाउंसर गिरफ्तार

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित खुर्सीपार क्षेत्र में एक गैस एजेंसी के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात बाउंसरों ने सिलेंडर लेने आए ग्राहकों के साथ हिंसक बर्ताव किया. शताक्षी गैस एजेंसी में कतार में खड़े होने की सामान्य सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि बाउंसरों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी और अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी बदसलूकी की.


मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह एजेंसी पर सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ जमा थी. व्यवस्था संभालने के नाम पर एजेंसी संचालक ने वहां बाउंसर लगा रखे थे. 


इसी दौरान संतोष कुमार बैठा नामक युवक का लाइन में लगने को लेकर बाउंसरों से विवाद हो गया. 


चश्मदीदों के मुताबिक, बहस शुरू होते ही तीनों बाउंसरों ने युवक पर हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी धमकाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.


पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी बाउंसरों हरिओम चौधरी, विकास सिंह और विक्की विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया. 


खुर्सीपार थाना पुलिस ने इन पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक केस दर्ज कर उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया है.


 स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस एजेंसी में आए दिन अव्यवस्था और ग्राहकों से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलती रहती हैं.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP