शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में CSEB का राखड़ बांध फटा, मलबे में समाया JCB ऑपरेटर

C

CG Khabar

19 अप्रै. 2026, 05:01 PM 1 मिनट में पढ़ें 1

राखड़ डैम फूटा-कोरबा
राखड़ डैम फूटा-कोरबा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित झाबू गांव के पास रविवार को सीएसईबी पश्चिम का राखड़ बांध अचानक दरक गया. इस भयावह घटना के दौरान मौके पर काम कर रहा एक जेसीबी ऑपरेटर राख के भारी मलबे और दलदल की चपेट में आकर मशीन समेत दब गया. 


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बांध के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ने से राख का सैलाब तेजी से बाहर निकला, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. 


हालांकि पुलिस और सुरक्षा दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाल लिया है, लेकिन इस लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. 


ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि इस बांध की सुरक्षा को लेकर वे पहले भी कई बार शिकायतें कर चुके थे, पर प्रबंधन की अनदेखी ने आज फिर एक मजदूर की जान जोखिम में डाल दी. 


औद्योगिक सुरक्षा की इन खामियों और हादसे के घंटों बाद भी आला अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने को लेकर लोग अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP