कोरबा: पुलिस लाइन में 11वीं की छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट बरामद
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुलिस लाइन इलाके में एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा ने अपने घर पर फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है, जो सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही थी. मूलतः कटघोरा के अमरपुर की रहने वाली सांची अपने मामा रजपाल सिंह कंवर के साथ रहती थी, जो मोगरा थाने में आरक्षक के पद पर तैनात हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी सामग्री का खुलासा नहीं किया है.
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि जब छात्रा का शव मिला, तब उसके कान में हेडफोन लगे हुए थे. पुलिस ने सांची का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, ताकि उसकी कॉल डिटेल्स और हालिया गतिविधियों के जरिए मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके.
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही छात्रा के इस आत्मघाती कदम से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. पुलिस अब सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
नोट: यदि आप या आपके आसपास कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या अकेलेपन से जूझ रहा है, तो भारत सरकार और विभिन्न संस्थाओं द्वारा संचालित नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है. इसमें 'टेली-मानस' (Tele-MANAS) की सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध है, जिसका टोल-फ्री नंबर 14416 या 1800-891-4416 है. इसके अलावा, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की 'किरण' (KIRAN) हेल्पलाइन सेवा 1800-599-0019 पर भी कॉल करके विशेषज्ञों से मनोवैज्ञानिक सहायता प्राप्त की जा सकती है.