छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल का निधन
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल का निधन हो गया. वे कोरबा के दुरपा रोड स्थित पुरानी बस्ती के निवासी थे और लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे.
बनवारी लाल अग्रवाल भाजपा के समर्पित सदस्य के रूप में वर्षों तक सक्रिय रहे और विधानसभा के उपाध्यक्ष पद पर अपनी गरिमामयी भूमिका निभाई. कोरबा से लेकर पूरे छत्तीसगढ़ तक उनकी सादगी और समर्पण की पहचान थी, जो लोगों के दिलों में हमेशा बसी रहेगी.
उनकी तबीयत पिछले कुछ दिनों से नाजुक बनी हुई थी. पहले बालको अस्पताल में इलाज के बाद थोड़ी राहत मिलने पर वे घर लौट आए थे, लेकिन पूर्ण स्वस्थ्य न होने के कारण घर पर ही चिकित्सा जारी रखी जा रही थी. अचानक बुधवार रात करीब 10:30 बजे उनकी हालत फिर बिगड़ गई और उन्होंने अपने आवास पर ही अंतिम सांस ली.
अग्रवाल जी ने अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, पुत्रवधू, पोते और एक विशाल परिवार को छोड़ा है. निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के नेता, नगरवासी और शुभचिंतक शोकाकुल हो उठे. कई प्रमुख हस्तियां उनके निवास पर पहुंचीं, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना प्रदान की.
उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार को उनके घर से प्रस्थान करेगी.