छत्तीसगढ़: कोरबा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भालू की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार रात उरगा-पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर सरदुकला के समीप एक जंगली भालू तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया. जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है जब भालू जंगल से निकलकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि भालू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा.
स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला तुरंत मौके पर पहुंचे, जहाँ औपचारिक जांच के बाद भालू को मृत घोषित कर दिया गया. सोमवार को वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव और एसडीओ एसके सोनी की मौजूदगी में भालू का पोस्टमार्टम कर उसे अंतिम विदाई दी गई.
ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला सड़क परियोजना और नई रेलवे लाइन के निर्माण के कारण वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं, जिससे वे अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों और हाईवे की ओर आ जाते हैं.
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु संवेदनशील इलाकों में तत्काल ओवरब्रिज, अंडरब्रिज और उचित लाइटिंग की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके. Symbolic Photo