सलमा सुल्तान की हत्या के बाद लाश गोद में लेकर गाना गा रहा था आरोपी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित न्यूज एंकर सलमा सुल्तान हत्याकांड की अदालती कार्यवाही के दौरान एक चश्मदीद गवाह के बयान ने सबको स्तब्ध कर दिया है. विशेष सत्र न्यायालय में सुनवाई के दौरान गवाह ने मुख्य आरोपी मधुर साहू के खौफनाक चेहरे से पर्दा उठाते हुए बताया कि हत्या के बाद वह किसी पेशेवर साइको किलर की तरह बर्ताव कर रहा था. गवाह के अनुसार, सलमा का गला घोंटने के बाद आरोपी ने उसके शव को अपनी गोद में रखा और बड़े ही ठंडे दिमाग से सिगरेट पीते हुए 'तुझसे नाराज नहीं जिंदगी' गाना गुनगुनाने लगा.
विडंबना यह है कि यह गाना मृतका का बेहद पसंदीदा था.
अदालत में पेश की गई चश्मदीद गवाह, जो उस वक्त आरोपी के जिम में कंप्यूटर ऑपरेटर थी, ने बताया कि साल 2018 में इस वारदात को अंजाम दिया गया था.
गवाह ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि मधुर साहू ने उसे भी अपने जाल में फंसा रखा था और आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था.
घटना वाले दिन जब उसने और एक अन्य महिला कर्मचारी ने कमरे में प्रवेश किया, तो देखा कि मधुर अपने साथियों के साथ मिलकर सलमा की जान ले रहा था. विरोध करने पर उन्हें भी मौत के घाट उतारने की धमकी दी गई, जिसके चलते वे डर के मारे चुप रहीं.
यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब करीब पांच साल बाद 2023 में एक फोरलेन सड़क की खुदाई कर सलमा का कंकाल बरामद किया गया था.
आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, लेकिन अब चश्मदीद के इस सनसनीखेज बयान के बाद केस में नया मोड़ आ गया है.
विशेष लोक अभियोजक सुनील सोनवानी का मानना है कि जैसे-जैसे पुख्ता साक्ष्य सामने आ रहे हैं, आरोपियों की मुश्किलें बढ़ना तय है. फिलहाल इस मामले की सुनवाई जारी है और चश्मदीद की यह गवाही आरोपियों को सजा दिलाने में निर्णायक साबित हो सकती है.