शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कवर्धा: अस्पताल से लौटने के बाद छात्रा की मौत, लापरवाही का आरोप

C

CG Khabar

21 दिस. 2025, 01:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

कवर्धा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ छात्रावास में रहने वाली छठी कक्षा की एक छात्रा की अस्पताल से छुट्टी मिलने के एक दिन बाद मौत हो गई. मृतका बैगा जनजाति से थी. इस घटना के बाद परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और छात्रा की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुकदूर थाना क्षेत्र के एक हॉस्टल में शनिवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. हॉस्टल प्रबंधन ने परिजनों को इसकी सूचना दी और छात्रा को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. 


प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ने उसे उसी दिन डिस्चार्ज कर दिया, जिसके बाद वह हॉस्टल लौट आई. चूंकि अगले सप्ताह से शीतकालीन अवकाश शुरू होने वाले थे, इसलिए परिजन उसे अपने साथ घर ले गए.


परिजनों का कहना है कि घर पहुँचने के बाद छात्रा की हालत अचानक फिर से बिगड़ गई. उसे आनन-फानन में दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. 


परिजनों ने अस्पताल के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी पूरी तरह स्वस्थ नहीं थी, तो उसे डिस्चार्ज क्यों किया गया?


जनजातीय कल्याण विभाग के आयुक्त एल.पी. पटेल ने बताया कि वार्डन छात्रा को अस्पताल ले गए थे और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी मिली थी. उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए नोडल अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है और वह स्वयं भी स्थिति का जायजा लेने जा रहे हैं. 


फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP